देहरादून: राज्य के लोग खेती के क्षेत्र में शानदार काम कर विश्वभर में नाम कमा रहे हैं। आज हम आपकों रानीखेत के ताडीखेत के विरलेख के किसान गोपाल उप्रेती की कहानी बताएंगे। गोपाल उप्रेती का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में शामिल हैं। उन्होंने धनिया उगाया था , जिसकी लंबाई विश्व रिकॉर्ड है। किसान गोपाल उप्रेती आर्गेनिक तरीके से खेती करते हैं। उन्होंने इसी विधि से 7 फीट 1 इंच लंबा धनिया उगाया जो विश्व रिकॉर्ड है।
रानीखेत के ताडीखेत के विरलेख निवासी किसान गोपाल उप्रेती का नाम 21 अप्रैल 2020 को गिनीज बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया गया। करीब दो महीने बाद उन्हें अधिकारिक तौर पर इसकी खबर दी गई है। धनिया हर घर में इस्तेमाल होता है। यह 14-15 इंच से ज्यादा बड़ा नहीं होता है। गोपाल उप्रेती करीब 9 साल से आर्गेनिक खेती कर रहे हैं। उन्होंने साल 2019 में एक पॉली हाउस में धनिया बोया। धनिया करीब 10 नाली भूमि में बोया गया था।
कुछ महीने बाद जब धनिया बड़ा होने लगा तो वह लोगों को भी हैरान कर रहा था। जबकि सबसे ऊंचा धनिया का पौधा रिकॉर्ड 7 फीट 1 इंच तक बढ़ चुका था। किसान गोपाल ने फेसबुक पर इस संबंध में पोस्ट किया। इसी दौरान एक यूजर ने उन्हें इसे रिकॉर्ड में शामिल करने को कहा। गोपाल ने गिनीज बुक को अप्रोच किया। उनके फॉर्म में कृषि विभाग के अधिकारी भी पहुंचे। धनिये की नाप ली। इससे पहले 5 फुट 9 इंच ऊंचा धनिया का पौधा गिनीज रिकॉर्ड में शामिल था। जिस रिकार्ड को अब अपने 7 फुट 1 इंच के धनिये के पौधे के साथ गोपाल उप्रेती ने अपने नाम कर लिया।
गोपाल उप्रेती कहते हैं कि आर्गेनिक खेती को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है। इसी वजह से ये कामयाबी मिली है। उन्होंने कहा कि धनिया चाहे कितना भी बड़ा हो जाये लेकिन उसकी खुशबू कम नहीं होती है। धनिया उगाकर किसान अच्छा मुनाफा बना सकते हैं। वह अदरक, कई तरह की सब्जियां और आर्गेनिक सेब भी उगाते हैं, जो दिल्ली की मंडी में बिकता है।